Thursday, December 15, 2011

रात आधी खींच कर मेरी हथेली - हरिवंश राय बच्चन की एक उत्कृष्ट कृति....!!!

रात आधी खींच कर मेरी हथेली
एक उंगली से लिखा था प्यार तुमने।
 फ़ासला था कुछ हमारे बिस्तरों में
और चारों ओर दुनिया सो रही थी।
तारिकाऐं ही गगन की जानती हैं
जो दशा दिल की तुम्हारे हो रही थी।
मैं तुम्हारे पास होकर दूर तुमसे
अधजगा सा और अधसोया हुआ सा।
रात आधी खींच कर मेरी हथेली
एक उंगली से लिखा था प्यार तुमने।

Wednesday, October 12, 2011

शील प्रभात

सुबह की ठंडी हवा
बहा ले जाती है
संग अपने
दूर किसी वादी में,
जहा बहते शील झकोरे
छू जाते है अंतःमन को,
और छोड़ जाते है
इक मीठी सी सिहरन,
साथ रह जाती है जो
मुंदी पलकें
खोलने के बाद भी ।

~ नी रा

Sunday, August 21, 2011

जन्नत जहाँ....

खुमार चाहत का है या कोई ख्वाब है,,
लग रहा है यूँ की जन्नत आस पास है,,
जमीं है, फ़लक है, ये जहाँ या वो जहान,,
खयाली बरसात है या रूमानी एहसास है |

~ नी रा

Sunday, May 15, 2011

शब्दों की दीवारें

दो शब्द, जो मैंने कहे ही नहीं,
गर कहे होते तो क्या मालूम
तुमने समझे भी होते या नहीं |

हैरां होती हूँ अब ये सोच कर
कैसे वो अनकही सारी बातें
तुम जान लिया करते थे
बिन कहे मेरे |
शब्दों के ताने बाने
शुरू जो हुए बुनने
तो यूँ उलझ जाएँगे
ये कहाँ सोचा था हमने |
बोल जो घुल जाया करते थे
जज्बातों के एहसास में
वही खड़े हैं यूँ बीच में
कंक्रीट कि दीवार जैसे
और इस पार से उस पार का
नहीं तय कर पाते हैं फासला |

यही सोच न कहे होंगे
मैंने वे दो शब्द भी
अक्सर लेकिन
अब सोचा करती हूँ
गर कह दिए होते
तो ढ़ह गई होती शायद

बीच खड़ी

वो शब्दों की दीवारें |

~ नी रा

Tuesday, April 5, 2011

Baatein - बातें

बातें ही बातें
इधर उधर की बातें
कहाँ कहाँ की बातें
ऐसी वैसी बातें
कैसी कैसी बातें
हँसती गाती बातें
मेरी तुम्हारी बातें
दिल लुभाने वाली बातें
दिल दुखाने वाली बातें
तो कभी कभी दिल को
छू जाने वाली बातें
जाने कहाँ कहाँ से
आ जाती हैं इतनी बातें
और कभी कभी तो जैसे
कहीं खो ही जाती हैं बातें
मुलाकातों में बदलती बातें
रातों में ढलती बातें
जहाँ पर रूकती वहीँ से
फिर शुरू हो जाती बातें
कैसी हैं ये कभी ना
खत्म होने वाली बातें |
~ नी रा